कपिल सिब्बल के बयान पर भड़के मंत्री प्रमोद कुमार, कहा- भारत पसंद नहीं तो देश छोड़ दें

वरिष्ठ अधिवक्ता एवं राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल के हालिया बयान पर बिहार सरकार के मंत्री सह कटिहार के प्रभारी मंत्री प्रमोद कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यदि कपिल सिब्बल को भारत में अच्छा नहीं लगता है तो वे पाकिस्तान, बांग्लादेश या किसी अन्य देश में जा सकते हैं। मंत्री ने तंज भरे अंदाज में कहा कि जरूरत पड़ने पर वे उनका पासपोर्ट बनवाने में भी मदद कर देंगे।

कटिहार में आयोजित बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक में शामिल होने पहुंचे प्रभारी मंत्री प्रमोद कुमार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक व्यवस्था वाला देश है और यहां सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन देश के प्रति नकारात्मक सोच रखने वाले लोगों को आत्ममंथन करने की जरूरत है।

इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर भी निशाना साधा। मंत्री ने कहा कि राजद को संविधान के विपरीत चलने की आदत रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी संवैधानिक पद के सरकारी बंगले पर कब्जा बनाए रखने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि अन्य दलों के नेताओं को सरकारी आवास खाली कराने के लिए नोटिस देने की आवश्यकता नहीं पड़ी, लेकिन राजद के नेता डर और दबाव की राजनीति के जरिए अपनी मांगें मनवाना चाहते हैं।

प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार की जनता राजद की कार्यशैली से भलीभांति परिचित है और राज्य में कानून एवं संविधान के अनुसार ही व्यवस्था संचालित होगी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *