संजय कुमार (रिपोर्ट) पटना/चंपारण:
बिहार की सियासत में आज एक अहम राजनीतिक पहल की शुरुआत हो रही है। जदयू नेता निशांत कुमार अपनी बहुचर्चित “सद्भाव यात्रा” पर रवाना हो रहे हैं। यह यात्रा पार्टी दफ्तर से “निश्चय रथ” के जरिए शुरू होगी, जिसमें जदयू के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल रहेंगे।

इस मौके पर जदयू विधायक दल के नेता सरवन कुमार और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा समेत पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। यात्रा की शुरुआत चंपारण की ऐतिहासिक धरती से हो रही है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

सुबह से ही जदयू कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत की जोरदार तैयारियां की गई हैं। कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच यात्रा को रवाना किया जाएगा।
“सद्भाव यात्रा” पिछले कई दिनों से चर्चा में रही है। इस यात्रा के लिए तैयार किया गया “निश्चय रथ” आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसे दुल्हन की तरह सजाया गया है। रथ पर नीतीश कुमार के कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को तस्वीरों और संदेशों के जरिए प्रदर्शित किया गया है। इसमें “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान, महिलाओं के लिए चलाई जा रही पिंक बस सेवा समेत कई योजनाओं को प्रमुखता से दिखाया गया है।

वहीं जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत करना ही इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है।
इस कार्यक्रम में जदयू के कई बड़े नेता मौजूद हैं और अब सभी की नजरें इस “सद्भाव यात्रा” के राजनीतिक और सामाजिक असर पर टिकी हुई हैं।
