🏆 Join Competition

डायवर्सन बिना सड़क काटी, 20 दिन से एंबुलेंस बंद—2000 लोगों का आवागमन बाधित

पूर्णिया जिले के अमौर प्रखंड में सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है। ताजा मामला तियरपाड़ा से रहुआ गांव जाने वाली सड़क का है, जहां ठेकेदार द्वारा बिना डायवर्सन बनाए ही मुख्य सड़क को काट दिया गया है।

बताया जा रहा है कि करीब 20 दिन पहले सड़क को काट दिया गया, लेकिन अब तक न तो पुलिया का निर्माण कार्य शुरू हुआ है और न ही वैकल्पिक रास्ता (डायवर्सन) बनाया गया है। इससे लगभग 2000 की आबादी वाले इलाके के लोगों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस लापरवाही के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बीमार लोगों को हो रही है, क्योंकि गांव तक एंबुलेंस भी नहीं पहुंच पा रही है। बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि वे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर अमौर विधायक अख्तरुल इमान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित जेई और कार्यपालक अभियंता को संवेदक (ठेकेदार) के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा कि यह घोर लापरवाही है और विकास कार्य के नाम पर आम लोगों को परेशान किया जा रहा है।

वहीं स्थानीय ग्रामीण शाहनवाज आलम ने बताया कि ठेकेदार ने बिना किसी जरूरत के सड़क को काट दिया, जिससे लोगों का आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द डायवर्सन निर्माण कराने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर जल्द समस्या का समाधान करने और दोषी संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581