पटना हाई कोर्ट परिसर में आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) द्वारा विशेष दक्षता प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसने सभी उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में माननीय मुख्य न्यायाधीश समेत हाई कोर्ट के अन्य न्यायाधीशगण और ATS के वरीय अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर ATS की टीम ने अपनी परिचालन क्षमता, त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान बंधक संकट (Hostage Situation), बम निरोधक प्रक्रिया (Bomb Disposal) और हथियारबंद आतंकियों से निपटने की मॉक ड्रिल दिखाई गई। ATS के जवानों ने बेहद सटीक और समन्वित तरीके से ऑपरेशन को अंजाम देते हुए अपनी पेशेवर दक्षता का परिचय दिया।
इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को परखना और न्यायिक अधिकारियों को ATS की तैयारियों और कार्यप्रणाली से अवगत कराना है।
इस प्रदर्शन से यह स्पष्ट हुआ कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क और तैयार हैं।
