अपराध की दुनिया में जल्दी नाम कमाने और बड़े गिरोहों से जुड़ने की चाहत अक्सर छोटे अपराधियों को बड़ी वारदात करने के लिए उकसाती है। ऐसा ही एक मामला सोमवार को पूर्णिया समाहरणालय परिसर में देखने को मिला, जहां एक युवक बाइक चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार, समाहरणालय स्थित एसपी कार्यालय परिसर के पास एक युवक मास्टर चाभी की मदद से खड़ी बाइक को स्टार्ट कर चोरी करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बाइक मालिक की नजर उस पर पड़ गई। खास बात यह रही कि उस समय बाइक पर मालिक की छोटी बच्ची भी बैठी हुई थी, जिसे उतरवाकर आरोपी बाइक लेकर भागने की कोशिश कर रहा था।
शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही खजांची हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से मास्टर चाभी बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कटिहार जिले के गेड़ाबाड़ी का रहने वाला है और चोरी की गई बाइक को गैरेज में बेच देता था, जहां उनके पार्ट्स अलग कर दिए जाते थे। उसने मौके पर ही डेमो देकर दिखाया कि किस तरह कुछ ही सेकंड में मास्टर चाभी से बाइक खोली और स्टार्ट की जा सकती है।
मौके पर मौजूद सदर एसडीपीओ ज्योति शंकर ने कहा कि समाहरणालय परिसर को सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है, ऐसे में इस तरह की घटना चिंता का विषय है। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया में जुटी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर उन जगहों पर जिन्हें सबसे सुरक्षित माना जाता है।
