बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया। जहां डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक महिला, एक पुरुष और दो बच्चियाँ शामिल हैं। यह हादसा उमेशनगर स्टेशन के ढाला के समीप हुआ जब सभी लोग काली पूजा का मेला देखकर अपने गाँव रहूआ लौट रहे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रहूआ गाँव जाने के लिए लोग रेल लाइन की पटरी से होकर गुजरते हैं जो एक आम रास्ता बन चुका है। घटना के बाद इलाके में मातम छा गया और मौके पर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए।
वही मृतकों की पहचान धर्मदेव महतो, 40 वर्षीय, पुत्र – किशुन महतो के रूप मे रीता देवी 35 वर्षीय पत्नी – मदन महतो के रूप में रौशनी कुमारी 14 वर्षीय, पुत्री – मदन महतो के रूप में और
आरोही कुमारी 7 वर्षीय, पुत्री – नीतीश कुमार के रूप में की गई है।
चारों आपस में रिश्तेदार थे और एक ही आंगन में रहते थे।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि यह हादसा डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुआ है। सभी लोग रघुनाथपुर में आयोजित काली पूजा मेला देखकर लौट रहे थे।
वही इस घटना को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नेता
गोरे लाल यादव ने कहा कि,
“सभी लोग हर साल लगने वाले काली पूजा मेला देखकर लौट रहे थे। तभी अचानक ट्रेन आ गई जिससे ट्रेन की चपेट में आने से चारों लोगों की मौत हो गई। यह बहुत ही दुखद हादसा है।”
इसी दौरान सीपीएम नेता अंजनी कुमार सिंह ने भी इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा,
“यह बेहद दर्दनाक घटना है। रेल प्रशासन मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा दे। साथ ही रेल ट्रैक की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।”
बहरहाल घटना की जानकारी मिलते ही रहूआ गाँव में मातम छा गया है। परिवार के रोने-बिलखने की आवाज़ से पूरा इलाका गमगीन हो गया है। लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि रेल लाइन के पास आम रास्ते के रूप में इस्तेमाल हो रहे ट्रैक पर सुरक्षा उपाय किए जाएँ ताकि आगे ऐसी कोई त्रासदी न घटे। भारत वन हिंदी बेगूसराय से पवन कुमार की रिपोर्ट
