कटिहार में बिहार सरकार के दो विभाग आमने-सामने, वीडियो वायरल
कटिहार जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां बिहार सरकार के दो विभागों के अधिकारी आपस में ही भिड़ गए और उनका तू-तू, मैं-मैं का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला कोड़ा प्रखंड से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बिजली विभाग के जे.ई. पंकज ठाकुर बिजली तारों की सुरक्षा को देखते हुए पेड़ों की कटाई और छटाई का काम करवा रहे थे। चर्चा यह भी है कि इसी दौरान वे कटिहार प्रखंड क्षेत्र में घुसकर यह काम करवा रहे थे।
इसी बीच वन विभाग के अधिकारी चंदन कुमार मौके पर पहुंचे और बिना आदेश पेड़ कटाई-छटाई करने पर आपत्ति जताई। उन्होंने बिजली विभाग के जे.ई. को कार्रवाई का डर दिखाया और अपने साथ चलने का दबाव बनाने लगे।
बात बढ़ने पर जे.ई. पंकज ठाकुर ने अपने वरिष्ठ अधिकारी से फोन पर बात करवाई। वहीं दूसरी ओर फोन पर मौजूद बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने न केवल पेड़ कटाई को नियमों के तहत जायज ठहराया, बल्कि फॉरेस्ट विभाग के वर्दीधारी अधिकारी को गाली-गलौज और अपशब्द भी कह डाले।
अब यह पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग बिहार सरकार के दो विभागों की इस भिड़ंत को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
देखना यह होगा कि सरकार अब इस मामले में क्या कदम उठाती है और दोनों विभागों की यह खींचतान किस मोड़ पर जाकर थमती है।
