पूर्णिया में ममता शर्मसार: 7 माह की नवजात को सड़क किनारे फेंका, इलाज के दौरान मौत
पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। धमदाहा थाना क्षेत्र के विशनपुर पंचायत अंतर्गत सिंघारा पट्टी पुल के पास एक युवती ने अपनी 7 माह की नवजात को सड़क किनारे फेंक दिया। बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी मिली। ग्रामीणों ने नवजात को तड़पते देखा तो शोर मचाया और मौके पर भीड़ जुट गई।
एक्टिविस्ट बने देवदूत
गांव के ही सोशल एक्टिविस्ट कुंदन कुमार और दीपक कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और देवदूत की तरह नवजात को उठाकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे धमदाहा रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची महज 7 माह की है और समय से पूर्व जन्मी है। हालत नाजुक होने के कारण उसे जीएमसीएच पूर्णिया रेफर किया गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
जीएमसीएच पूर्णिया में डॉक्टरों ने नवजात का इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोट और अत्यधिक खून बहने की वजह से बच्ची ने दम तोड़ दिया।
चश्मदीदों ने दी जानकारी
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान कुछ लोगों ने एक युवती को सड़क किनारे कुछ फेंकते देखा था। जब वहां जाकर देखा गया तो खून से लथपथ नवजात पड़ी थी। धीरे-धीरे यह खबर पूरे गांव में फैल गई।
गांव में आक्रोश
घटना से पूरे इलाके में आक्रोश और स्तब्धता का माहौल है। लोग इस कृत्य को अमानवीय बताते हुए आरोपी युवती पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
