PFI केस में NIA की बड़ी कार्रवाई: किशनगंज से बिहार PFI का पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार
किशनगंज से बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) के बिहार के पूर्व अध्यक्ष महबूब आलम नदवी को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक नदवी को हलीम चौक से हिरासत में लिया गया।

39 वर्षीय महबूब आलम नदवी मूल रूप से कटिहार जिले के हसनगंज प्रखंड के बंशीबाड़ी रामपुर पंचायत का निवासी है। मार्च 2025 में वह ओमान से लौटकर किशनगंज आया था और यहां एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में काम कर रहा था। नदवी जामिया मिलिया इस्लामिया का पूर्व छात्र है और साल 2016-17 में बिहार PFI का राज्य अध्यक्ष रह चुका है।
यह मामला वर्ष 2022 का है, जब फुलवारीशरीफ में PFI की गतिविधियों को लेकर केस दर्ज हुआ था। शुरुआती जांच बिहार पुलिस ने की थी, जिसके बाद यह मामला NIA को सौंपा गया। जांच में खुलासा हुआ कि PFI सदस्य आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे, हथियारों की ट्रेनिंग दे रहे थे और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश कर रहे थे।

अब तक इस केस में 17 आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। जनवरी 2025 में मोहम्मद सज्जाद आलम नामक आरोपी को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था, जिस पर दुबई से फंडिंग कराने का आरोप है। वहीं, इस पूरे केस में 26 लोगों को नामजद किया गया था, जिनमें से 22 आरोपी अभी भी फरार हैं। एक अन्य आरोपी नोमान की तलाश भी जारी है।
एजेंसी को शक है कि महबूब आलम नदवी संगठन की गुप्त गतिविधियों में शामिल था और युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रेरित कर रहा था। वर्तमान में NIA उससे पूछताछ कर रही है और किशनगंज व आसपास के इलाकों में छापेमारी जारी है।
फिलहाल, इस गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारी इस मामले में टिप्पणी करने से बच रहे हैं।
