पटना: एनडीए गठबंधन ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि “एनडीए चट्टानी एकता के साथ चुनाव मैदान में उतर रहा है और हम लोग पूरी मजबूती से विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।”
उन्होंने बताया कि गठबंधन की ओर से 69 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें सभी बड़े नेता शामिल होंगे।
जायसवाल ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि “हम लोग रोड शो नहीं करते, बल्कि कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करते हैं। विकास के मुद्दे पर विपक्ष कहीं भी चर्चा कर ले। विपक्ष सिर्फ भरमजाल फैला रहा है और माहौल को खराब कर रहा है।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि आगामी चुनाव में एनडीए भारी बहुमत से सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता एक-एक मतदाता के घर तक जाएंगे और सरकार द्वारा किए गए कामों को जनता तक पहुँचाएंगे।
