बिहार के इंडो-नेपाल बॉर्डर से घुसपैठ की बड़ी कोशिश को हरैया थाना पुलिस ने नाकाम कर दिया है।
दरअसल, रक्सौल बॉर्डर से भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे एक नाइजीरियन नागरिक को पुलिस ने दबोच लिया। पकड़ा गया शख्स रिपब्लिक ऑफ कोट दी’वोआर देश का फर्जी पासपोर्ट इस्तेमाल कर भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी वास्तव में नाइजीरिया का नागरिक है और उसका असली नाम यूचे जोसेफ ओकोये है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यूचे जोसेफ ओकोये साल 2012 में पहली बार मेडिकल वीजा पर मुंबई एयरपोर्ट से भारत आया था। 15 अप्रैल 2012 को वह मेडिकल वीजा पर भारत में दाखिल हुआ और इसके बाद करीब 12 साल तक बिना वीजा और पासपोर्ट के अवैध रूप से मुंबई में ही रह रहा था।
लंबे समय तक गैरकानूनी तरीके से भारत में रहने के बाद वह दोबारा नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश की कोशिश कर रहा था, लेकिन हरैया थाना पुलिस ने उसे धर दबोचा।
फिलहाल पुलिस इस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
