सुगौली से ऐतिहासिक शुभारंभ: पीएम मोदी और सीएम नीतीश ने किया जीविका निधि साख सहकारी संघ का उद्घाटन

ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम, 1.40 करोड़ जीविका दीदियों को होगा सीधा लाभ।

सुगौली। बिहार के सुगौली से मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड जीविका टीम ने स्वागत भाषण से की। इसके बाद लाइव प्रसारण के जरिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने योजना का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर जीविका प्रखंड समन्वयक आंसू पांडेय, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सर्राफ समेत बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इस योजना से राज्य की 11 लाख से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 1.40 करोड़ महिलाएं लाभान्वित होंगी। यह पहल महिलाओं की आर्थिक मजबूती और आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

सांसद प्रतिनिधि प्रदीप सर्राफ ने भी इस योजना को ग्रामीण महिलाओं के लिए नई उम्मीद बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी और छोटे-छोटे व्यवसायों को बढ़ाने में मदद करेगी।

जीविका समूहों की महिलाओं ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें सस्ती दर पर ऋण उपलब्ध होगा, जिससे वे अपने छोटे व्यवसायों को बढ़ाकर आर्थिक स्वतंत्रता हासिल कर सकेंगी।

सुगौली में आयोजित यह कार्यक्रम न सिर्फ़ स्थानीय सहभागिता का उदाहरण बना बल्कि यह संदेश भी दिया कि बिहार की ग्रामीण महिलाएँ अब आत्मनिर्भरता की ओर मज़बूती से बढ़ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *