हो जाए सावधान: शादी कराने वाले गिरोह के निशाने पर कही आप तो नहीं, देखें रिपोर्ट।

पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज अनुमंडल के मैनाटांर थाने की पुलिस ने फर्जी शादी कराने वाले एक गिरोह का भंडाफोर किया है। गिरोह में शामिल नौ पुरुष और महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार लोगों में मैनाटांर थाने के बौध बरवा गांव निवासी अली अहमद, लौरिया थाने के बहुआरी देवराज निवासी प्रमेश राम, शिकारपुर थाने के नंदपुर गांव निवासी राजा पांडेय, भंगहा थाने के चिउटांहा गांव निवासी नंदकिशोर राम, बगहा के मनोज साह समेत चार महिलाएं शामिल हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि बगहा और बेतिया इलाके में फर्जी शादी कराने वाला एक गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह विधुर पुरुषों समेत भोले-भाले लोगों को शादी का झांसा देकर उनसे मोटी रकम ऐंठता है। शादी के बाद दुल्हन उनके घर से सामान चुराकर भाग जाती है। सूचना पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक टीम गठित कर मैनाटांड़ इलाके में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान सभी पुरुष और महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि इसमें शामिल लड़कियां पहले से ही शादीशुदा हैं। इनका काम सिर्फ़ लोगों को ठगना है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार गिरोह के सभी पुरुष और महिला सदस्यों को जेल भेज दिया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गिरोह के सदस्यों के पास से एक बोलेरो, दो बाइक और नौ मोबाइल जब्त किए गए हैं। इस पुलिस टीम में मैनाटांड़ थाना प्रभारी शंभू शरण गुप्ता, शिकारपुर थाना प्रभारी ज्वाला कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *