भोजपुर के डीडीसी ने बिहिया प्रखंड का दौरा कर अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए

आरा। भोजपुर के उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह ने गुरुवार को बिहिया प्रखंड का दौरा कर विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी आवासों के समय पर पूर्णता सुनिश्चित करने हेतु आवास सहायकों को निर्देश दिया कि वे आवास पंजिका में दैनिक भ्रमण का संधारण करें।

लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत महादलित टोला में शौचालय निर्माण, डब्लू पीयू के संचालन तथा स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं स्वच्छता कर्मियों के मानदेय भुगतान की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी और प्रखंड समन्वयक को निर्देशित किया कि सभी पंचायतों में कचरा उठाव कार्य नियमित रूप से हो और महादलित टोला में शौचालय निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। मनरेगा योजनाओं के तहत चल रहे वृक्षारोपण, मानव दिवस सृजन, खेल मैदान निर्माण आदि कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी को अपने दैनिक कार्यालय कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। समीक्षा उपरांत, उन्होंने ओसाई पंचायत के मॉडल टोला का भ्रमण किया तथा प्राथमिक विद्यालय बरूना में निर्मित पुस्तकालय की सराहना की। साथ ही, निर्माणाधीन जीविका भवन का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता, निदेशक डीआरडीए निदेशक नेप जिला समन्वयक, प्रखंड विकास पदाधिकारी बिहिया, मनरेगा पीओ, बीपीआरओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *