राघोपुर, वैशाली। बिहार के नेता प्रतिपक्ष एवं राघोपुर विधायक तेजस्वी यादव गंगा नदी में हुए दर्दनाक नाव हादसे के करीब 24 घंटे बाद पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। हादसे में 13 लोगों की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा है। तेजस्वी यादव ने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस घटना को हृदयविदारक बताते हुए सरकार से कई मांगें रखीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वह इस हादसे को भूलेंगे नहीं और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए लगातार लड़ाई लड़ेंगे।
तेजस्वी यादव ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही उन्होंने रात में ही पार्टी कार्यकर्ताओं को घटनास्थल पर भेज दिया था। उन्होंने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने का है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
न्यायिक जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
नाव हादसे को लेकर तेजस्वी यादव ने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग की। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल थानेदार और अंचलाधिकारी (सीओ) से स्पष्टीकरण मांगना पर्याप्त नहीं है। घटना की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और राहत-बचाव कार्य में कथित देरी का मुद्दा भी उठाया। तेजस्वी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने अस्पताल में ऑक्सीजन, डॉक्टरों और दवाओं की उपलब्धता को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय पर पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं और ऑक्सीजन युक्त एंबुलेंस उपलब्ध होतीं, तो संभव है कि कुछ और बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों के पहुंचने में कथित देरी की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
चार लाख रुपये का मुआवजा पर्याप्त नहीं
तेजस्वी यादव ने कहा कि नाव हादसे में कई परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है। किसी परिवार के सात और किसी गोतिया के परिवार के छह बच्चों की मौत होने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे में सरकार की ओर से मिलने वाली चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने पीड़ित परिवारों को अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ कम से कम तीन डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना था कि जिन परिवारों ने एक साथ कई बच्चों को खोया है, उनके पुनर्वास और भविष्य की सुरक्षा के लिए सरकार को विशेष सहायता देनी चाहिए।
राघोपुर में कटाव रोकने के लिए रिंग बांध बनाने की मांग
तेजस्वी यादव ने राघोपुर में गंगा नदी के कटाव की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने क्षेत्र में रिंग बांध बनाने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि उनकी सरकार के कार्यकाल में रिंग बांध परियोजना के लिए नापी का काम शुरू हुआ था, लेकिन सरकार बदलने के बाद विजय सिन्हा ने इस काम को रुकवा दिया।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों की ओर से पैसे खर्च किए जाते हैं, लेकिन जनता की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाता। राघोपुर के लोगों को कटाव और बाढ़ से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
लालू प्रसाद यादव से कल पटना में होगी मुलाकात
तेजस्वी यादव ने बताया कि उनके पिता एवं राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की तबीयत ठीक नहीं है और डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। इसके बावजूद लालू प्रसाद यादव की इच्छा पर 16 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे पीड़ित परिवारों की मुलाकात पटना में उनसे कराने की बात कही गई है।
नाव हादसे के बाद राघोपुर में शोक और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवारों को अतिरिक्त मुआवजा, जमीन, न्यायिक जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग के बीच अब सबकी निगाहें सरकार के अगले कदम पर टिकी हैं।
Continue With Google