कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए उम्मीदवार डॉ. एनके यादव के समर्थन में भारतीय जनता पार्टी की ओर से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया गया। इस दौरान आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एनडीए नेताओं ने बिहार के सभी आठ एमएलसी निर्वाचन क्षेत्रों में जीत का दावा किया और राज्य में हो रहे विकास कार्यों को अपनी उपलब्धि बताया।

संवाददाता सम्मेलन को बिहार प्रभारी सह भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता, राज्यसभा सांसद संगीता यादव, बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल तथा एनडीए उम्मीदवार डॉ. एनके यादव ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।

इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री सह बिहार के सह प्रभारी रोहन गुप्ता ने कहा कि बिहार के सभी आठ एमएलसी चुनावों में एनडीए की जीत तय है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में जुटे हैं और एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में माहौल है।

वहीं, बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री दिलीप जायसवाल ने कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एनके यादव की जीत सुनिश्चित होने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बिहार लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। राज्य में युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और बिहार समृद्धि की ओर अग्रसर है।

मंत्री दिलीप जायसवाल ने यह भी कहा कि जीत के बाद 70 हजार लोगों को नौकरी दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि विकास और रोजगार के मुद्दों के कारण एनडीए उम्मीदवारों को विभिन्न क्षेत्रों में जनता का समर्थन मिल रहा है।

कार्यक्रम के दौरान एनडीए नेताओं ने डॉ. एनके यादव के समर्थन में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने की अपील की। नेताओं ने विश्वास जताया कि विकास के मुद्दे पर एनडीए को चुनाव में सफलता मिलेगी।