पूर्णिया। बिहार में मखाना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण और निर्यात को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सरकार उद्यमियों को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रही है। लेकिन इसी बीच पूर्णिया से मखाना कारोबार से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मशीन निर्माण करने वाली कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला कौशल एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड का है। कंपनी के संचालक आयुष अग्रवाल ने मखाना प्रसंस्करण के लिए एक बड़ी कंपनी ब्लैकनट्स (BlackNutes) से करीब 56 लाख रुपये की लागत से मशीन खरीदी थी। उन्हें उम्मीद थी कि इस अत्याधुनिक मशीन की मदद से अधिक मात्रा में मखाना का प्रसंस्करण कर उत्पादन बढ़ाया जा सकेगा और कारोबार को नई ऊंचाई मिलेगी। लेकिन आयुष अग्रवाल का आरोप है कि मशीन उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और लगातार खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

आयुष अग्रवाल के मुताबिक, मशीन से मखाना प्रसंस्करण करने के दौरान अब तक लगभग 100 क्विंटल मखाना बीज (गुड़िया) बर्बाद हो चुका है। उनका कहना है कि मशीन खरीदने के लिए उन्होंने लोन लिया था, जिसकी हर महीने दो से तीन लाख रुपये तक की ईएमआई चुकानी पड़ रही है। एक तरफ मशीन से उत्पादन नहीं हो पा रहा है, वहीं दूसरी तरफ बैंक की किस्त का बोझ लगातार बढ़ रहा है।

  

कारोबारी का आरोप है कि उन्होंने मशीन में आ रही समस्याओं को लेकर निर्माता कंपनी को कई बार जानकारी दी, लेकिन कंपनी की ओर से सिर्फ आश्वासन मिलता रहा और समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। आयुष अग्रवाल ने बताया कि इस मामले में ब्लैकनट्स कंपनी को चार बार कानूनी नोटिस भी भेजा जा चुका है, बावजूद इसके अब तक कंपनी की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।

आयुष अग्रवाल की मांग है कि कंपनी अपनी मशीन वापस ले जाए और उनसे ली गई पूरी राशि वापस करे, ताकि उन्हें इस आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कंपनी उनकी समस्या का समाधान नहीं करती है तो वे न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाने को तैयार हैं।

इसी मामले को लेकर आयुष अग्रवाल शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी शिकायत से प्रशासन को अवगत कराया। जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि फिलहाल उन्हें इस प्रकरण की विस्तृत जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने मामले की जांच करवाने और जांच के बाद आगे की जानकारी देने की बात कही।

अब उठ रहे हैं कई बड़े सवाल

मखाना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकार करोड़ों रुपये की योजनाएं चला रही है। ऐसे में यदि किसी उद्यमी को लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी गुणवत्तापूर्ण मशीन नहीं मिलती है, तो यह उद्योग के विकास के लिए चिंता का विषय है। सवाल यह भी है कि मखाना प्रसंस्करण मशीनों के निर्माण और बिक्री के लिए क्या कोई निर्धारित गुणवत्ता मानक और जवाबदेही व्यवस्था है? क्या मशीन निर्माता कंपनियों के लिए तकनीकी परीक्षण, वारंटी और बिक्री के बाद सेवा से जुड़े नियमों का पालन अनिवार्य है?

फिलहाल, यह मामला कारोबारी की ओर से लगाए गए आरोपों और प्रशासन के संज्ञान तक सीमित है। मशीन निर्माता कंपनी ब्लैकनट्स का पक्ष सामने आना बाकी है। अब देखना होगा कि जांच में क्या सच्चाई सामने आती है और आयुष अग्रवाल को उनका पैसा वापस मिल पाता है या नहीं।