पूर्णिया। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार, 13 नवंबर से नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। पूरा बिहार छठी मैया की भक्ति में सराबोर है। गंगा घाटों से लेकर गांव और शहरों के तालाबों तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच पूर्णिया में छठ महापर्व के प्रति आस्था और अपनी मिट्टी से जुड़ाव की एक भावुक तस्वीर सामने आई है। अपनी जन्मभूमि और पारंपरिक संस्कृति से लगाव के चलते सात समंदर पार अमेरिका से डॉक्टर अजय झा अपनी पत्नी डॉक्टर नीलम शर्मा के साथ छठ मनाने पूर्णिया पहुंचे हैं।

डॉक्टर अजय झा उनकी पत्नी डॉक्टर नीलम शर्मा अमेरिका में कार्यरत हैं, वे दोनों
कोलोराइटेड यूनिवर्सिटी से जुड़ी हैं और डेनमार्क के विश्वविद्यालय में भी शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक कार्यों से संबंधित हैं। विदेश में रहने के बावजूद इस परिवार ने अपनी परंपरा और संस्कृति को नहीं छोड़ा है। पूरा परिवार अपनी माता, भाई-बहन और अन्य परिजनों के साथ मिलकर पारंपरिक तरीके से छठ महापर्व मना रहा है।
डॉक्टर अजय झा ने बताया कि छठ केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा, प्रकृति और परिवार के मिलन का महापर्व है। बिहार से शुरू हुई छठ पूजा आज विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना चुकी है। अमेरिका के न्यू जर्सी सहित कई स्थानों पर भी भारतीय समुदाय के लोग सामूहिक रूप से छठ महापर्व मनाते हैं। वहां बिहार और झारखंड के एसोसिएशन की ओर से आयोजन किया जाता है, जिसमें लोग एक साथ ठेकुआ बनाते हैं, दौरा तैयार करते हैं और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। यह प्रकृति के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक है। इस पर्व के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ने का अवसर मिलता है।
डॉ. अजय झा ने बताया कि इस बार भारत पहुंचते ही दिल्ली एयरपोर्ट से छठ का माहौल देखने को मिला। वहीं पूर्णिया एयरपोर्ट पर भी छठ गीतों और आकर्षक सजावट ने उनका मन मोह लिया। उन्होंने बिहार सरकार और जिला प्रशासन की सराहना करते हुए छठ के अवसर पर किए गए इंतजामों के लिए आभार जताया।
वहीं उनकी पत्नी डॉक्टर नीलम शर्मा ने भावुक होकर कहा कि उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि वह अपने पूरे परिवार के साथ छठ मनाने के लिए पूर्णिया पहुंची हैं। छठ महापर्व के प्रति उनकी गहरी आस्था है। उन्होंने कहा कि इस पर्व से जुड़ी मान्यताओं और विश्वास को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इसी श्रद्धा के साथ उन्होंने अपने घर में कद्दू-भात के साथ छठ व्रत की शुरुआत की है।
परिवार की बुजुर्ग माता जी ने कहा कि छठ महापर्व उनके परिवार में पीढ़ियों से मनाया जाता रहा है। उनके पूर्वज भी पूरी निष्ठा और परंपरा के साथ छठ पूजा करते थे और अब उनके बच्चे भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ के नियमों का पालन करना आसान नहीं है। यह पर्व पूरी पवित्रता, संयम और निष्ठा की मांग करता है। बेटे के अमेरिका में रहने के बावजूद अपनी संस्कृति को नहीं भूलने पर उन्होंने खुशी जाहिर की।
वहीं बहन बेंजु झा ने कहा कि भाई और भाभी के अमेरिका से छठ मनाने पूर्णिया पहुंचने से पूरा परिवार बेहद खुश है। सभी परिजन एक साथ मिलकर छठ महापर्व मना रहे हैं।
विदेश की आधुनिक जीवनशैली के बीच अपनी मिट्टी, परिवार और परंपराओं से जुड़ा यह झा परिवार एक संदेश दे रहा है कि दूरी चाहे सात समंदर की हो, लेकिन अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़ाव कभी कम नहीं होता।
Continue With Google