भारत वन हिंदी | डेस्क रिपोर्ट

गुवाहाटी (असम): असम में बुधवार की सुबह एक बड़ा रेल हादसा सामने आया। गुवाहाटी के बाहरी इलाके में दिगारू रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पांच आगे के डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट की है। हादसे के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) कपिंजल किशोर शर्मा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कोलकाता से सैरांग जा रही ट्रेन संख्या 13125 को दिगारू रेलवे स्टेशन पर जनशताब्दी एक्सप्रेस को प्राथमिकता देने के लिए रोका जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन समय पर नहीं रुक सकी, जिसके कारण उसके आगे के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

कम रफ्तार के कारण बड़ा नुकसान टला

रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक, घटना के समय ट्रेन की रफ्तार कम थी। इसी वजह से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल किसी यात्री की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। रेलवे की ओर से घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन

हादसे के बाद यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए रेलवे ने विशेष व्यवस्था शुरू की है। CPRO कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि गुवाहाटी से एक वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की जा रही है, ताकि सभी यात्रियों को सुरक्षित सैरांग पहुंचाया जा सके।

रेलवे ट्रैक बहाली का काम जारी

दुर्घटना के बाद प्रभावित रेलखंड पर परिचालन बाधित हुआ है। रेलवे कर्मचारी पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और रेलवे लाइन को जल्द से जल्द दुरुस्त करने में जुटे हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मुख्य रेल लाइन को जल्द बहाल कर दिया जाएगा, जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो सकेगा।

हादसे की होगी विस्तृत जांच

रेलवे प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कराने की बात कही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि ट्रेन समय पर क्यों नहीं रुक सकी और किन परिस्थितियों में उसके आगे के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।

फिलहाल रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना और रेल परिचालन को जल्द सामान्य करना है।