डेस्क रिपोर्ट, पूर्णिया/वाराणसी। देव दीपावली के पावन अवसर पर पूर्णिया के सिटी काली मंदिर स्थित सौरा नदी तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस मौके पर सवा लाख दीप जलाकर देव दीपावली मनाई गई। दीपों की रोशनी और आकर्षक सजावट से काली मंदिर परिसर एवं सौरा नदी तट जगमगा उठा। इस भव्य आयोजन को देखने के लिए करीब 40 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह मुख्य रूप से शामिल हुईं। उन्होंने विधि-विधान के साथ कोसी पूजा की। इसके बाद बनारस से आए 11 विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां गंगा की भव्य आरती की। घंटों की गूंज, शंखनाद और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि देव दीपावली के मौके पर सौरा नदी तट पर गंगा आरती का भव्य और अलौकिक नजारा देखने को मिलता है। उन्होंने इस धार्मिक आयोजन के लिए श्री राम सेवा संघ के सदस्यों को धन्यवाद दिया।
वहीं, महापौर विभा कुमारी ने कहा कि देव दीपावली के अवसर पर पूर्णिया में इस तरह का भव्य आयोजन होना गौरव की बात है। पहले इस तरह की गंगा आरती के आयोजन के लिए बनारस और हरिद्वार की पहचान थी, लेकिन पिछले कई वर्षों से पूर्णिया में भी श्रद्धा और भव्यता के साथ इसका आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं पंडित तिवारी बाबा ने बताया कि श्री राम सेवा संघ की ओर से पिछले 12 वर्षों से देव दीपावली का आयोजन किया जा रहा है। प्रत्येक वर्ष बनारस से 11 पंडितों को बुलाकर गंगा आरती कराई जाती है। उन्होंने कहा कि देव दीपावली के अवसर पर दीपदान का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दौरान सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ सहित कई भक्ति कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
काशी की देव दीपावली की तर्ज पर पूर्णिया में आयोजन

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के वाराणसी में भी देव दीपावली का भव्य आयोजन किया गया। काशी के 84 घाट लाखों दीपों से जगमगा उठे। मां गंगा की महाआरती के साथ 2100 ड्रोन के विशेष शो और गंगा पार हुई आकर्षक आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ड्रोन शो के माध्यम से महाकाल, श्री काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या के रामलला और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी आकृतियां प्रदर्शित की गईं।
एक ओर काशी में आधुनिक तकनीक और परंपरा के संगम ने देव दीपावली को खास बनाया, वहीं दूसरी ओर पूर्णिया के सौरा नदी तट पर सवा लाख दीपों की रोशनी, वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य गंगा आरती ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। इस आयोजन ने पूर्णिया की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को एक नई छटा प्रदान की।
Continue With Google