रिपोर्ट: शशि गुप्ता | लोकेशन: अलीगढ़
अलीगढ़। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे 12 बांग्लादेशी मूल के नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में दो महिलाएं और चार नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज, ईपीएफओ कार्ड और कई मोबाइल सिम बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, थाना रोरावर पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में रह रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने खुद को बांग्लादेश के बादीपुर जिले का निवासी बताया। पुलिस का कहना है कि ये सभी अवैध रूप से भारतीय सीमा में प्रवेश कर अलीगढ़ के कोतवाली क्षेत्र स्थित हड्डी गोदाम इलाके में रह रहे थे।

जांच के दौरान आरोपियों के पास से स्थानीय पते पर बने आधार कार्ड, पैन कार्ड और वोटर आईडी समेत कई भारतीय पहचान पत्र बरामद हुए। इसके अलावा बैंक खातों और ईपीएफओ से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन में बांग्लादेश में रह रहे उनके परिजनों से बातचीत और मैसेज के साक्ष्य भी मिले हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं में थाना रोरावर में मुकदमा दर्ज किया है। सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। फिलहाल पुलिस बरामद दस्तावेजों की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने भारतीय पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज कैसे बनवाए तथा इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क शामिल है या नहीं।
नगर अधीक्षक आदित्य बंसल ने बताया कि बरामद दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google