रौशन कुमार, सुपौल। सुपौल पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की साजिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से पांच देसी कट्टा, एक पिस्टल और 17 जिंदा कारतूस समेत कई सामान बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से इलाके में संभावित बड़ी वारदात को टालने में पुलिस को सफलता मिली है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित पूर्णिया और अररिया जिले के रहने वाले हैं। ये सभी सुपौल में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से हथियार और कारतूस के अलावा एक मोटरसाइकिल, हथौड़े तथा प्लायर कटर भी बरामद किए हैं। बरामद सामान के आधार पर पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
स्थानीय सहयोग की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में इस गिरोह को स्थानीय स्तर पर सहयोग मिलने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित किस आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे और इस साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले में राजेश्वरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साजिश से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा रहा है।
Continue With Google