करन कुमार, कटिहार। जिले के सालमारी थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में दो युवकों को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि यह घटना सालमारी थाने से कुछ ही कदम की दूरी पर हुई, जिससे कानून-व्यवस्था और लोगों के कानून हाथ में लेने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवकों पर इलाके में छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप लगाया गया था। इसी आरोप को लेकर कुछ लोग उग्र हो गए और दोनों युवकों को पेड़ से बांधकर उनकी पिटाई कर दी। हालांकि, युवकों पर लगाए गए चोरी के आरोपों की सच्चाई जांच का विषय है। किसी व्यक्ति पर अपराध का आरोप लगने मात्र से उसे सजा देने का अधिकार भीड़ को नहीं मिल जाता। ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई करना पुलिस और न्यायिक व्यवस्था का काम है।
वायरल वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज
मामले में कटिहार पुलिस ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट की घटना को लेकर सालमारी थाना कांड संख्या 194/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों की पहचान मो. अब्दुल्ला और दानिश के रूप में की है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी किए जाने की बात कही गई है।
कानून हाथ में लेने पर उठे सवाल
थाने से कुछ ही दूरी पर कथित तौर पर हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि किसी व्यक्ति पर चोरी का संदेह है, तो उसकी सूचना पुलिस को देना और कानूनी कार्रवाई की मांग करना उचित प्रक्रिया है। लेकिन किसी को पेड़ से बांधकर पीटना कानून अपने हाथ में लेने जैसा है।
फिलहाल, घटना के संबंध में अन्य विस्तृत जानकारी और संबंधित पक्षों के बयान सामने आने बाकी हैं। पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
Continue With Google