पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर रविवार को पूर्णिया में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। शहर के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पॉलिटेक्निक घाट, सिटी स्थित सौरा नदी घाट, छठ पोखर, पक्की तालाब सहित अन्य प्रमुख घाटों पर छठ व्रतियों ने पूरे नेम-निष्ठा और श्रद्धा के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया।

अर्घ्य के दौरान पूरा वातावरण छठी मैया के पारंपरिक गीतों से भक्तिमय हो उठा। व्रतियों ने नदी और तालाब के जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को दूध और जल अर्पित किया तथा परिवार की सुख-शांति, समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूप और दउरा लेकर घाटों पर पहुंचे।

छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई व्रती पारंपरिक परंपरा का निर्वहन करते हुए दंड प्रणाम करते हुए घाटों तक पहुंचे। उनकी अटूट आस्था और भक्ति को देखकर घाटों पर मौजूद लोग भी भावविभोर नजर आए।

वहीं, पॉलिटेक्निक छठ घाट पर व्रतियों की सुविधा के लिए अर्घ्य अर्पित करने हेतु दूध की विशेष व्यवस्था की गई थी। घाटों पर रोशनी और साफ-सफाई के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया। प्रशासन की टीम लगातार मुस्तैद रही और घाट पर आने-जाने वाले लोगों पर नजर बनाए रखी, ताकि छठ व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

कुल मिलाकर, पूर्णिया में छठ महापर्व का पहला अर्घ्य श्रद्धा, विश्वास और सामाजिक एकता के माहौल में संपन्न हुआ। अब सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।