पूर्णिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पूर्णिया नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को महापौर विभा कुमारी और नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने नगर निगम की पूरी टीम के साथ शहर के विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया।

इस दौरान चूनापुर बालधिम्मा घाट, कलाभवन छठ घाट, पंचमुखी हनुमान मंदिर स्थित पक्की तालाब, कालीबाड़ी, सौरा नदी सिटी के चारों छठ घाट और दमका सहित कई घाटों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथ, प्रकाश व्यवस्था, जलस्तर और पानी के बहाव की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन घाटों पर पानी अधिक गहरा है या जहां पानी का बहाव तेज है, वहां तत्काल बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग कराई जाए। खतरनाक स्थानों पर लाल रिबन लगाकर श्रद्धालुओं को सतर्क किया जाए। वहीं, जिन पोखरों और नहरों में पानी कम है, वहां नगर निगम की ओर से पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि सौरा नदी सिटी घाट पर प्रत्येक वर्ष छठ पूजा के दौरान डूबने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसे देखते हुए यहां पाइलिंग कर स्टेनलेस स्टील की पाइप और जंजीरों से बैरिकेडिंग कराई गई है, जिससे दुर्घटनाओं में कमी आई है। उन्होंने कहा कि सौरा नदी और कारी कोसी नदी पूर्णिया की सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान से जुड़ी हैं। इन नदियों के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं। वर्तमान में नदियों का जलस्तर अधिक होने और तेज बहाव को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों, तालाबों, आसपास के क्षेत्रों और पहुंच पथों की साफ-सफाई युद्धस्तर पर पूरी की जाए। घाटों पर पर्याप्त चेंजिंग रूम, शौचालय और रोशनी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। महापौर ने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महापौर ने बताया कि दुर्गा पूजा के बाद से ही नगर निगम छठ घाटों की सफाई और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा है। दीपावली तक अधिकांश घाटों पर सफाई का काम लगभग पूरा हो चुका है। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को मोटरेबल बनाया जा रहा है। इसके साथ ही पानी की सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जा रही है।

वहीं, नगर आयुक्त अनिरुद्ध पांडे ने कहा कि छठ पूजा को लेकर नगर निगम पूरी तत्परता से काम कर रहा है। सभी घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पहुंच पथ, चेंजिंग रूम, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया गया है।

महापौर ने नगरवासियों से अपील की कि नदी और तालाबों में पानी का स्तर अधिक होने तथा तेज बहाव को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें। अभिभावक अपने बच्चों को गहरे पानी और तेज बहाव वाले स्थानों पर जाने से रोकें, ताकि छठ महापर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद अमित कुमार सोनी, अंजनी साह, मो. सिताब, गुलाब हुसैन, अभिजीत कुमार उर्फ निप्पू पासवान, जितेंद्र यादव, मुरारी झा सहित कई पार्षद प्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नगर निगम का लक्ष्य है कि इस बार पूर्णिया के सभी छठ घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुविधा के साथ श्रद्धालु आस्था के महापर्व को हर्षोल्लास से मना सकें।