पटना | रिपोर्ट: संजय कुमार
न कोई मजहबी दीवार, न कोई भेदभाव... छठी मैया के प्रति आस्था और समर्पण की ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो भारत की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द का संदेश दे रही है। लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच पटना में मुस्लिम परिवारों की महिलाएं और पुरुष पूरी शुद्धता और श्रद्धा के साथ मिट्टी के चूल्हे तैयार कर रहे हैं। खास बात यह है कि यह परंपरा एक-दो साल नहीं, बल्कि पिछले 20, 30 और 50 वर्षों से लगातार चली आ रही है।
छठ महापर्व में मिट्टी के चूल्हे का विशेष महत्व है। इसी चूल्हे पर व्रती महिलाएं पूरी पवित्रता के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया को अर्घ्य देने के लिए प्रसाद तैयार करती हैं। इस परंपरा को निभाने में पटना के मुस्लिम परिवार भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके हाथों से तैयार चूल्हे जब छठ व्रतियों के घर पहुंचते हैं, तो वे सिर्फ मिट्टी के बने सामान नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास और भाईचारे का प्रतीक बन जाते हैं।
20 साल से चूल्हे बना रहीं मुस्तरीन खातून, मन्नत पूरी होने पर 51 चूल्हे करेंगी मुफ्त वितरण
पटना की मुस्तरीन खातून पिछले करीब 20 वर्षों से छठ पूजा के लिए मिट्टी के चूल्हे बना रही हैं। वे बताती हैं कि इसकी तैयारी करीब दो महीने पहले से शुरू हो जाती है। गांव-देहात से मिट्टी मंगाई जाती है, जिसे पानी में भिगोकर अच्छी तरह तैयार किया जाता है। एक चूल्हा बनाने में दो से तीन घंटे का समय लगता है।
मुस्तरीन खातून के मुताबिक, चूल्हे बनाने के दौरान वे खान-पान और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखती हैं। इस अवधि में मांस-मछली और शराब से दूरी बनाकर रखती हैं तथा स्नान करने के बाद नंगे पांव चूल्हे तैयार करती हैं।
उनकी आस्था से जुड़ी एक भावुक कहानी भी है। उन्होंने छठी मैया से मन्नत मांगी थी कि परिवार की मनोकामना पूरी होने पर वे 51 मिट्टी के चूल्हे बनाकर छठ व्रतियों को मुफ्त में दान करेंगी। उन्होंने बताया कि उनकी बहू को तीन साल तक संतान नहीं हुई थी, लेकिन अब उनके परिवार में बेटे का जन्म हुआ है। इसी मन्नत के तहत वे इस वर्ष 51 चूल्हे निःशुल्क वितरित कर रही हैं। सामान्य दिनों में एक जोड़ी चूल्हे की कीमत 400 से 500 रुपये तक होती है। हालांकि, बारिश के कारण इस बार चूल्हे बनाने और सुखाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मां की परंपरा को आगे बढ़ा रहे इम्तियाज
इम्तियाज बताते हैं कि उनके परिवार में उनकी मां वर्षों से छठ पूजा के लिए मिट्टी के चूल्हे बनाती रही हैं। अब वे भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उनका कहना है कि छठ पर्व के प्रति उनके परिवार में गहरी आस्था और सम्मान है। करीब दो महीने पहले से ही वे मांस-मदिरा छोड़कर सादा भोजन करते हैं और पूरी शुद्धता के साथ चूल्हे तैयार करते हैं।
30 वर्षों से छठ की तैयारी में जुटी हैं फूलों खातून
फूलों खातून भी पिछले करीब 30 वर्षों से छठ महापर्व के लिए मिट्टी के चूल्हे बना रही हैं। वे बताती हैं कि इसके लिए खेतों से मिट्टी लाई जाती है और चूल्हे तैयार करने के दौरान पवित्रता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। उनके परिवार के लोग भी छठ पर्व मनाते हैं।
फूलों खातून की जिंदगी में भी छठी मैया के प्रति आस्था से जुड़ा एक भावुक प्रसंग है। उन्होंने बताया कि पांच साल पहले उनके बेटे का पैर टूट गया था। उस समय उन्होंने छठी मैया से मन्नत मांगी थी कि बेटा ठीक हो जाएगा तो वे प्रसाद चढ़ाएंगी। उनका विश्वास है कि छठी मैया की कृपा से उनका बेटा स्वस्थ हो गया।
इस बार भी फूलों खातून ने अपनी बेटी के लिए मन्नत मांगी है। उनकी बेटी की गोद सूनी है और वे चाहती हैं कि उसके जीवन में भी खुशियां आएं। बातचीत के दौरान बेटी के भविष्य को लेकर अपनी उम्मीद और आस्था जाहिर करते हुए वे भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि यदि बेटी की मनोकामना पूरी होती है तो अगले साल वह भी छठ व्रत करेगी।
मिट्टी के चूल्हों में गढ़ी जा रही भाईचारे की मिसाल
पटना की यह तस्वीर समाज को एक बड़ा संदेश देती है। छठ महापर्व जहां लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति की उपासना का प्रतीक है, वहीं यह सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का भी पर्व है। यहां मजहब की पहचान से ऊपर उठकर लोग एक-दूसरे की परंपराओं का सम्मान कर रहे हैं।
मुस्लिम परिवारों के हाथों से तैयार मिट्टी के चूल्हों पर जब हिंदू परिवार छठ का प्रसाद बनाते हैं, तो यह दृश्य भारतीय संस्कृति की असली खूबसूरती को बयां करता है। इन चूल्हों में सिर्फ मिट्टी नहीं, बल्कि कई दशकों की परंपरा, मेहनत, विश्वास और इंसानियत की खुशबू भी शामिल है।
सचमुच, छठ की यह तस्वीर बता रही है कि आस्था का कोई मजहब नहीं होता और इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं। यही भारत की गंगा-जमुनी तहजीब है, जहां अलग-अलग धर्मों के लोग मिलकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की लौ जलाए रखते हैं।
Continue With Google