करन कुमार, कटिहार (हसनगंज)। लोक आस्था का महापर्व छठ केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की पहचान भी है। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से कटिहार जिले के हसनगंज प्रखंड में एक अनूठी पहल की गई। रामपुर पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय दहियारगंज में बच्चों को छठ महापर्व की परंपराओं और महत्व से परिचित कराने के लिए विद्यालय परिसर में कृत्रिम छठ घाट तैयार किया गया।

इस विशेष आयोजन के दौरान छात्र-छात्राओं को छठ पूजा की धार्मिक मान्यताओं, पूजा विधि, नियमों और परंपराओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को बताया गया कि छठ महापर्व में स्वच्छता, पवित्रता, संयम, अनुशासन और प्रकृति के प्रति सम्मान का विशेष महत्व है। सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना से जुड़े इस पर्व में अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा के बारे में भी समझाया गया।

आयोजन को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए बच्चों ने पारंपरिक परिधान धारण किए। कृत्रिम छठ घाट पर छठ पूजा से जुड़ा पारंपरिक माहौल तैयार किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने न केवल इस आयोजन का आनंद उठाया, बल्कि अपनी संस्कृति और परंपराओं को करीब से जानने और समझने का अवसर भी प्राप्त किया।

विद्यालय की प्रधान शिक्षिका ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों को छठ महापर्व की महत्ता से जोड़ना है। आज के आधुनिक दौर में जहां नई पीढ़ी तकनीक और आधुनिक जीवनशैली की ओर तेजी से बढ़ रही है, वहीं अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जानना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान और जुड़ाव की भावना विकसित होती है।

वहीं, छात्र-छात्राओं में भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने पूरे उमंग और उत्साह के साथ अपनी भूमिका निभाई। विद्यालय की यह पहल केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को बिहार की पहचान और लोक आस्था की परंपरा से जोड़ने का सार्थक प्रयास साबित हुई।

संदेश साफ है—आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति और संस्कारों की पहचान भी जरूरी है। क्योंकि परंपराएं ही हमारी जड़ों को मजबूत बनाती हैं।