पत्नी को मनाने मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, तीन घंटे तक चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र के केवला गांव में एक ऐसा घटनाक्रम देखने को मिला, जिसने लोगों को फिल्म शोले के मशहूर “वीरू” वाले दृश्य की याद दिला दी। फर्क सिर्फ इतना था कि यहां पानी की टंकी की जगह मोबाइल टावर था और युवक अपनी रूठी पत्नी को मायके से वापस ससुराल बुलाने की जिद पर अड़ा था।
जानकारी के अनुसार, केवला गांव निवासी साबिर की पत्नी काफी समय से मायके में रह रही थी। परिजनों और रिश्तेदारों के कई प्रयासों के बावजूद वह ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई। इससे परेशान होकर साबिर गांव में लगे एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया और ऊपर से आत्महत्या की धमकी देने लगा। उसने कहा कि यदि उसकी पत्नी वापस नहीं आई तो वह टावर से कूदकर अपनी जान दे देगा।
युवक के टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पहले लोग इसे सामान्य विवाद समझते रहे, लेकिन जब युवक लगातार आत्महत्या की धमकी देने लगा तो ग्रामीणों ने तत्काल प्राणपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। करीब तीन घंटे तक चले समझाइश के बाद पुलिस और ग्रामीण युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रहे।
हालांकि, नीचे उतरते ही साबिर ने पुलिस को चकमा दे दिया और हिरासत में लिए जाने से पहले ही मौके से फरार हो गया। पुलिस उसके संबंध में आगे की कार्रवाई में जुटी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में इसकी चर्चा बनी हुई है। स्थानीय लोग इस घटना को फिल्मी अंदाज का प्रेम-प्रसंग बता रहे हैं। राहत की बात यह रही कि पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई और युवक सुरक्षित नीचे उतर आया।
