🏆 Join Competition

नीट पेपर लीक के बीच पूर्णिया में पारा मेडिकल परीक्षा में नकल का मामला, वॉकी-टॉकी के साथ ‘मुन्ना भाई’ गिरफ्तार

पूर्णिया में पारा मेडिकल परीक्षा के दौरान नकल करवाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। देशभर में नीट पेपर लीक को लेकर मचे बवाल के बीच यह घटना शिक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रही है। मामला शहर के जनता चौक स्थित सेंट पीटर्स स्कूल परीक्षा केंद्र का है, जहां एक युवक को वॉकी-टॉकी के जरिए महिला परीक्षार्थी को उत्तर बताते हुए स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक स्कूल के बगल की गली में बैठकर वॉकी-टॉकी के माध्यम से परीक्षा हॉल में मौजूद महिला कैंडिडेट को जवाब बता रहा था। लोगों को शक होने पर युवक को पकड़ लिया गया और उसके पास से वॉकी-टॉकी बरामद किया गया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस दौरान महिला परीक्षार्थी का पति मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि तीनों लोग लखीसराय जिले के रहने वाले हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी डीएम अंजनी कुमार, सदर एसडीओ और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला परीक्षार्थी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रभारी डीएम अंजनी कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह कदाचार का मामला प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

वहीं युवक को पकड़ने वाले स्थानीय निवासी आनंद कुमार ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र पर पहले तक जैमर काम कर रहा था, लेकिन घटना वाले दिन जैमर बंद था। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं न कहीं स्कूल प्रबंधन की भी इसमें संलिप्तता हो सकती है। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

घटना के बाद परीक्षा केंद्र और आसपास के इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581