पूर्णिया भाजपा में बड़ा बदलाव, संजीव सिंह बने कार्यकारी जिलाध्यक्ष

डेस्क रिपोर्ट : भारत One हिंदी
पूर्णिया में भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर जिलाध्यक्ष मनोज सिंह की जगह जिला महामंत्री संजीव सिंह को कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और इस संबंध में आधिकारिक पत्र भी जारी कर दिया गया है।

अब संजीव सिंह पूर्णिया भाजपा के कार्यकारी जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे। नियुक्ति की घोषणा के बाद भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के बीच खुशी का माहौल है और उन्हें बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

भाजपा नेता सत्यम श्रीवास्तव ने कहा कि संजीव सिंह के पास दो दशक से अधिक का राजनीतिक अनुभव है। उन्होंने छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से लेकर भाजपा तक संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

बताया जा रहा है कि यह बदलाव ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में पूर्णिया भाजपा कार्यालय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वनभाग स्थित पार्टी कार्यालय में होली मिलन समारोह के दौरान का यह वीडियो बताया जा रहा है, जिसमें तत्कालीन जिलाध्यक्ष एक महिला नेत्री के साथ होली गीतों पर रंग लगाते नजर आए थे। वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी संगठन में यह बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *