Anil Kumar Sharma, पूर्णिया | बिहार

कोसी स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर पूर्णिया में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को पूर्णिया स्थित पशुपालन कार्यालय में जिला पदाधिकारी सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी अंशुल कुमार ने सभी मतदान कर्मियों और पोलिंग पार्टियों को ब्रीफिंग दी। इस दौरान मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

ब्रीफिंग के बाद मतदान कर्मियों को मतपेटी, बैलेट पेपर और चुनाव से संबंधित आवश्यक कागजात सौंपे गए। इसके बाद सभी पोलिंग पार्टियां अपने-अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गईं।

जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी 14 जिलों की मतपेटियां पटना के जिला स्कूल स्थित वज्रगृह में जमा की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि पूर्णिया जिले में कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 14 प्रखंड कार्यालयों में एक-एक मतदान केंद्र और नगर निगम कार्यालय में तीन मतदान केंद्र शामिल हैं। जिले में कुल 12,062 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

डीएम ने कहा कि चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान कर्मियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है।