🏆 Join Competition

ब्राह्मण समाज के हक और अधिकारों की आवाज बनेगा लोकमंच : आशीष कुमार बब्बू

पूर्णिया। ब्राह्मण समाज के हक, अधिकार एवं सामाजिक हितों की आवाज को मजबूती से उठाने के उद्देश्य से लोकमंच संगठन की स्थापना की गई है। संगठन के संस्थापक आशीष कुमार बब्बू ने प्रेसवार्ता कर लोकमंच के उद्देश्यों, संगठनात्मक विस्तार और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकमंच पूरी तरह गैर-राजनीतिक संगठन है और इसका उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध करना नहीं, बल्कि समाज से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उचित मंच तक पहुंचाना है।

प्रेसवार्ता के दौरान आशीष कुमार बब्बू ने कहा कि उनके पूर्वजों ने बहुजन समाज के साथ मिलकर काम किया है। ब्राह्मण समाज ने भी समय-समय पर अपने स्वाभिमान और अधिकारों के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि समाज ने अलग-अलग चुनावों में विभिन्न राजनीतिक दलों को समर्थन दिया, लेकिन इसके बावजूद ब्राह्मण समाज के कई वर्गों की समस्याएं और अपेक्षाएं अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकीं।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि ब्राह्मण समाज अपने अधिकारों और समस्याओं को लेकर संगठित हो तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज मजबूती के साथ उठाए। लोकमंच का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाना और उनके हित से जुड़े मुद्दों को संबंधित स्तर तक पहुंचाना है।

आशीष कुमार बब्बू ने बताया कि संगठन को मजबूत करने की दिशा में अब तक तीन जिलों में बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। संगठन के संचालन के लिए 21 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जिसमें एक संयोजक और चार सह-संयोजक शामिल हैं। इसी क्रम में संगठनात्मक विस्तार करते हुए राहुल झा को लोकमंच का पूर्णिया जिला संयोजक बनाया गया है।

संगठन के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि राहुल झा के नेतृत्व में पूर्णिया जिले में लोकमंच को मजबूती मिलेगी और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा।

संस्थापक ने कहा कि लोकमंच सामाजिक स्तर पर सक्रिय रहकर समाज के लोगों की समस्याओं को सामने लाने और उनके समाधान की दिशा में प्रयास करेगा। संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज में जागरूकता, एकजुटता और अधिकारों के प्रति सजगता बढ़ाना है। उन्होंने समाज के लोगों से लोकमंच के साथ जुड़कर सामाजिक हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581