छात्रों के प्रदर्शन के दौरान बवाल, पथराव में अंचल अधिकारी घायल, FIR की तैयारी

कटिहार। NEET पेपर लीक मामले को लेकर कटिहार समाहरणालय गेट पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान गुरुवार को हालात उस समय बिगड़ गए, जब प्रदर्शन के बीच पथराव शुरू हो गया। इस घटना में ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट एवं कटिहार के अंचल अधिकारी सोनू भगत गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव में उनकी आंख में चोट लगी और उनका चश्मा भी टूट गया।

जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव शुरू कर दिया। इसी दौरान एक पत्थर सीधे अंचल अधिकारी सोनू भगत के चेहरे पर आकर लगा, जिससे उनकी आंख में गंभीर चोट पहुंची। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की पुष्टि करते हुए अंचल अधिकारी सोनू भगत ने बताया कि वह मजिस्ट्रेट के रूप में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि एक पत्थर उनके चेहरे पर लगा, जिससे उनका चश्मा टूट गया और आंख में गंभीर चोट आई।

अंचल अधिकारी ने कहा कि घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वहीं, प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पथराव करने वालों की पहचान के लिए घटनास्थल के वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद समाहरणालय परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा पूरे घटनाक्रम पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *