🏆 Join Competition

NEET पेपर लीक पर कटिहार में बवाल, समाहरणालय घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस में भिड़ंत

रिपोर्ट: करन कुमार, ब्यूरो कटिहार ! NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शन के बीच बिहार के कटिहार में भी छात्रों का आक्रोश सड़कों पर देखने को मिला। सैकड़ों छात्रों ने समाहरणालय का घेराव कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने समाहरणालय के मुख्य प्रवेश द्वार को तोड़ने का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और प्रदर्शन उग्र रूप ले बैठा।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के उद्देश्य से लाठीचार्ज किया। इसके बाद माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर भी फेंके, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाया। इसके बाद समाहरणालय परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

प्रशासन का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है तथा पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हमारे संवाददाता करण ने ग्राउंड जीरो से विस्तृत जानकारी दी और प्रदर्शन के दौरान बने हालात का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581