🏆 Join Competition

रंगदारी और किडनैपिंग का खुलासा, बाबा डॉन समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

बिहार के कटिहार जिले में कारोबारी से रंगदारी वसूलने और उसके दो भाइयों के अपहरण के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपहृत दोनों युवकों को सकुशल बरामद कर लिया, वहीं कुख्यात बाबा डॉन गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र में दर्ज शिकायत में पीड़ित कारोबारी ने बताया कि बदमाश पहले उससे रंगदारी की रकम वसूल चुके थे। इसके बावजूद आरोपियों ने तीन लाख रुपये की अतिरिक्त रंगदारी की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। दहशत में आए कारोबारी ने कुछ और नकदी भी आरोपियों को दे दी।

आरोप है कि 20 जुलाई की रात अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन अपने साथियों के साथ कारोबारी के किराये के मकान पर पहुंचा और उसके दो भाइयों सिराज अंसारी और सोहेल अंसारी का अपहरण कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ विशाल आनंद के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की और महज तीन घंटे के भीतर दोनों अपहृत युवकों को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार मिश्रा उर्फ बाबा डॉन, राजीव यादव, पवन महतो और राहुल कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपी नगर थाना क्षेत्र के नया टोला तीनगछिया के निवासी बताए जा रहे हैं।

एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत दोनों युवकों को सुरक्षित बरामद कर लिया है। मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गैंग के अन्य सदस्य किन-किन वारदातों में शामिल रहे हैं। इस कार्रवाई को कटिहार पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581