विमल किशोर, अमौर(पूर्णिया): जिले के अमौर प्रखंड अंतर्गत आमगाछी पंचायत में मंगलवार को सरकार की पहल पर पंचायत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और जनसमस्याओं से जुड़े कुल 1109 आवेदन जमा किए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।
शिविर का निरीक्षण करने स्वयं जिलाधिकारी अंशुल कुमार पहुंचे। उनके साथ डीएसपी, प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचल अधिकारी (सीओ) समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अलग-अलग विभागों के स्टॉल का जायजा लिया और लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
शिविर में भूमि विवाद, राजस्व संबंधी मामले, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। सभी विभागों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जहां लोगों ने आसानी से अपने आवेदन जमा किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता आमगाछी पंचायत के मुखिया सनोवर आलम ने की। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य, पंचायत के सरपंच अनीस सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुखिया सनोवर आलम ने कहा कि पंचायत सहयोग शिविर ग्रामीणों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रहा है। इससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है और प्रशासन तथा आम जनता के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और मौके पर ही आवेदन स्वीकार किए गए। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रशासन के प्रति संतोष व्यक्त किया।
