🏆 Join Competition

यात्री ने लगाया गन पॉइंट पर लूट का आरोप, रेल पुलिस बोली- मामला संदिग्ध

करन कुमार, भारत वन हिंदी ब्यूरो, कटिहार। कटिहार रेलवे जंक्शन से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली जाने के लिए राजधानी एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचे आजमनगर निवासी मोहम्मद रेजान ने आरोप लगाया है कि दो बदमाशों ने उन्हें गन पॉइंट पर बंधक बना लिया और स्टेशन से बाहर स्थित एटीएम तक ले जाकर उनके खाते से करीब 75 हजार रुपये निकलवा लिए। इसके बाद आरोपित उनका मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गए।

पीड़ित के बड़े भाई परवेज ने बताया कि रेजान दिल्ली जाने से पहले परिवार के अलग-अलग सदस्यों से फोन कर अपने बैंक खाते में रुपये मंगवा रहे थे। कुछ देर बाद उन्होंने घबराई हुई आवाज में फोन कर बताया कि दो अज्ञात लोग उन्हें हथियार के बल पर स्टेशन से बाहर ले गए, एटीएम से पैसे निकलवाए और फिर मोबाइल व नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस (जीआरपी) हरकत में आ गई। मामले की जांच की कमान रेल डीएसपी ए.के. एकेला ने संभाल ली है। स्टेशन परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।

रेल डीएसपी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही घटना की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

कटिहार जंक्शन पूर्वोत्तर भारत के महत्वपूर्ण और हाई सिक्योरिटी रेलवे स्टेशनों में शामिल है। ऐसे में यदि स्टेशन परिसर से किसी यात्री को हथियार के बल पर बाहर ले जाकर एटीएम से पैसे निकलवाए गए हैं, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। वहीं, यदि जांच में मामला अलग दिशा में जाता है तो उसका भी खुलासा किया जाएगा।

फिलहाल रेल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह वास्तव में लूट की वारदात थी या इसके पीछे कोई और कहानी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581