🏆 Join Competition

‘प्राइड ऑफ मिलिया’ में BPSC टॉपर्स का सम्मान, पूर्व छात्रों ने बढ़ाया स्कूल का गौरव

प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र, कहा- अनुशासन, धैर्य और मेहनत ही सफलता की कुंजी

पूर्णिया। मिलिया एजुकेशनल ट्रस्ट के तत्वावधान में मिलिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल, रामबाग में शनिवार को “प्राइड ऑफ मिलिया” के अंतर्गत 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यालय के पांच पूर्व छात्रों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, पूर्व छात्रों एवं गणमान्य अतिथियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के “मिलिया तराना” से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और गौरव के माहौल से सराबोर रहा।

मिलिया एजुकेशनल ट्रस्ट के निदेशक डॉ. अशाद इमाम ने सफल पूर्व छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी सफलता पूरे मिलिया परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और समर्पण से प्राप्त यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी तथा सभी अधिकारी समाज और राष्ट्र की सेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सहायक निदेशक आदिल इमाम ने कहा कि विद्यालय को अपने पूर्व छात्रों की इस उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में भी मिलिया के विद्यार्थी इसी प्रकार प्रशासनिक सेवाओं में सफलता प्राप्त कर विद्यालय और समाज का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय के प्राचार्य वाई.के. झा ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय से मिले संस्कारों का परिणाम है। उन्होंने सभी सम्मानित अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विद्यालय के पांच पूर्व छात्रों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर विभिन्न प्रशासनिक पदों पर अपनी पहचान बनाई है। इनमें मो. जहीन (सहायक आयुक्त), निलेश चंद्रा (अनुमंडल पदाधिकारी-एसडीएम), अभिषेक कांति (प्रखंड विकास पदाधिकारी-बीडीओ), दिलनाज आलम (ग्रामीण विकास पदाधिकारी-आरडीओ) तथा नयांसी कुमारी (राजस्व पदाधिकारी-आरओ) शामिल हैं।

कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायक हिस्सा विद्यार्थियों और सफल अधिकारियों के बीच आयोजित संवाद सत्र रहा। इस दौरान अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास और कठिन परिश्रम के महत्व पर अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सवाल पूछकर उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया।

सम्मानित अधिकारी नयांसी कुमारी (RO) ने कहा कि अपने विद्यालय में सम्मानित होना उनके लिए गर्व और भावुकता का क्षण है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित होकर पढ़ाई करने, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने, निरंतर मेहनत करने और धैर्य बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच ही मंजिल तक पहुंचाती है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में उप-प्राचार्य तनवीर अशरफ, जूनियर सेक्शन की शैक्षणिक प्रभारी शानू सिंह, नृत्य संयोजिका एवं कोरियोग्राफर भावना तथा संगीत शिक्षक सगुनदेव नाथ सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

समारोह के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी सम्मानित अधिकारियों को स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही विद्यार्थियों से इन सफल अधिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Notice: ob_end_flush(): failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/kashvm5r/public_html/bharatonehindi.com/wp-includes/functions.php on line 5581