विद्या विहार करियर प्लस (वीवीसीपी), पूर्णिया द्वारा आयोजित छह दिवसीय आईओक्यूएम-2026 बूट कैंप का शनिवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। गणितीय प्रतिभा को निखारने एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं (गणित संकाय) के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
छह दिनों तक चले इस बूट कैंप में विद्यार्थियों को भारतीय गणित ओलंपियाड योग्यता परीक्षा (आईओक्यूएम) तथा अन्य गणित ओलंपियाड प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों द्वारा विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता, समस्या-समाधान कौशल और प्रतियोगी गणित की उन्नत अवधारणाओं से अवगत कराया गया।
समापन समारोह में आयोजित संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए और प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान को भविष्य की तैयारी में उपयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों के साथ सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।
इस अवसर पर वीवीसीपी के निदेशक प्रशांत शंकर ने कहा कि प्रत्येक समापन अपने भीतर एक नई शुरुआत का संदेश लेकर आता है। आईओक्यूएम-2026 बूट कैंप का समापन भी विद्यार्थियों की नई शैक्षणिक एवं प्रतिस्पर्धी यात्रा की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि गणित केवल एक विषय नहीं, बल्कि सोचने और समस्याओं को समझने की एक कला है। बूट कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को इसी सोच से जोड़ने का प्रयास किया गया है। विद्यार्थियों का उत्साह, जिज्ञासा और सीखने की लगन अत्यंत प्रेरणादायक रही।
वीवीसीपी के जनसंपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) ने बताया कि आईओक्यूएम-2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन की अंतिम तिथि 25 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा का आयोजन 6 सितंबर 2026 को देशभर के निर्धारित केंद्रों पर किया जाएगा। यह गणित ओलंपियाड चयन प्रक्रिया का पहला चरण है, जिसके माध्यम से सफल विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड तक पहुंचते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील करते हुए कहा कि विस्तृत जानकारी एवं पंजीकरण के लिए इच्छुक छात्र-छात्राएं वीवीसीपी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 और 2025 में वीवीसीपी के विद्यार्थियों ने आईओक्यूएम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए क्षेत्रीय गणित ओलंपियाड (आरएमओ) के लिए उल्लेखनीय संख्या में चयन प्राप्त किया था। इसी सफलता को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संस्थान द्वारा नियमित रूप से ऐसे विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
संस्थान को उम्मीद है कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी आईओक्यूएम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूर्णिया एवं सीमांचल का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।
