हरदा पुल पर गड्ढों और सड़क किनारे बाजार के कारण लग रहा जाम, राहगीर परेशान
होमी चंदन, पूर्णिया। हरदा पुल और आसपास की सड़क पर जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। सड़क किनारे बाजार लगने और हरदा पुल पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण खासकर शाम होते ही वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। स्थिति ऐसी हो जाती है कि टोल प्लाजा से हरदा तक सड़क पर वन-वे जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे वाहन चालकों और आम राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय सड़क की स्थिति और जाम की समस्या को देखकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के इस हिस्से में सड़क और पुल की महीनों से समुचित मरम्मत नहीं होने के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क पर बने गड्ढों के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है, वहीं सड़क किनारे बाजार लगने से सड़क की उपलब्ध चौड़ाई और कम हो जाती है।
इन दोनों कारणों के चलते शाम के समय जाम की समस्या और विकराल हो जाती है। वीडियो में भी टोल प्लाजा से हरदा तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने और वन-वे जैसी स्थिति साफ देखी जा सकती है।
स्थानीय लोगों और राहगीरों की मांग है कि सड़क किनारे बाजार के कारण उत्पन्न हो रही यातायात समस्या का समाधान किया जाए तथा हरदा पुल और सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए। साथ ही, संबंधित विभाग यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए ठोस कदम उठाए, ताकि लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए कब तक कार्रवाई करता है और हरदा पुल से गुजरने वाले लोगों को जाम से राहत मिल पाती है।
Continue With Google