पूर्णिया। मिल्लिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल के लिए यह गर्व और खुशी का अवसर है। विद्यालय के पूर्व छात्र मोहम्मद जाहिन अहसान ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर चयनित होकर विद्यालय, परिवार एवं जिले का नाम रोशन किया है।
मोहम्मद जाहिन अहसान ने वर्ष 2005 से 2012 तक रामबाग स्थित मिल्लिया कॉन्वेंट इंग्लिश स्कूल में कक्षा 6 से 12 तक की शिक्षा प्राप्त की। विद्यालय में अध्ययन के दौरान वे अपनी मेधा, अनुशासन और बहुमुखी प्रतिभा के लिए जाने जाते थे। उन्होंने कक्षा 12 में ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम के टॉपर के रूप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उन्हें देश के प्रतिष्ठित सेंट स्टीफंस कॉलेज में प्रवेश मिला।
स्कूली जीवन में जाहिन ने पढ़ाई के साथ-साथ क्रिएटिव राइटिंग, वाद-विवाद और एलोक्यूशन जैसी सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। शिक्षकों के अनुसार वे हमेशा जिज्ञासु, मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं।
यूपीएससी तथा विभिन्न राज्य लोक सेवा आयोग परीक्षाओं (BPSC एवं UPPSC) की लंबी और चुनौतीपूर्ण तैयारी के बाद प्राप्त यह सफलता उनके धैर्य, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए जाहिन ने कहा कि मिल्लिया में बिताए गए वर्ष उनके जीवन के सबसे यादगार और प्रेरणादायक पल रहे हैं। यहीं से अंग्रेजी साहित्य और सामाजिक विज्ञान के प्रति उनकी रुचि विकसित हुई, जिसने आगे की शैक्षणिक और प्रशासनिक यात्रा को दिशा दी।
उन्होंने अपने शिक्षकों तनवीर सर, मनीष सर, डी.के. मित्रा सर, किस्मत मैम, लव कुमार सर और डी. रंजन सर के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा ने उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मोहम्मद जाहिन अहसान की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे पूरे मिल्लिया परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और प्रशासनिक सेवा में निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दी हैं।
मिल्लिया परिवार का मानना है कि जाहिन की सफलता वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की सीख देगी।
