रिपोर्ट: संजय कुमार, पटना। त्योहारों के मद्देनजर राजधानी पटना में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नामी फूड चेन और रेस्टोरेंटों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में 21 अक्टूबर को KFC, बार्बेक्यू नेशन और पिज्जा हट समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, रसोई की साफ-सफाई और स्वच्छता मानकों में कई खामियां सामने आईं। विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के लिए 14 दिनों का नोटिस जारी किया है।
बार्बेक्यू नेशन में खराब पनीर और चावल जब्त
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, केपी मॉल स्थित बार्बेक्यू नेशन के आउटलेट में दुर्गंध वाला 30 किलोग्राम पनीर और 4 किलोग्राम चावल पाया गया। विभाग ने दोनों खाद्य पदार्थों को जब्त कर नष्ट करा दिया। वहीं, वॉश एरिया में भंडारण किए जाने के कारण 15 किलोग्राम पैक्ड चिकन के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई।
इसके अलावा, फ्रेजर रोड स्थित बार्बेक्यू नेशन के आउटलेट में ब्रेड के पैकेट में कीड़े पाए गए। यहां इस्तेमाल किए जा रहे जले हुए तेल को भी जब्त कर नष्ट कराया गया। इन खामियों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
KFC के आउटलेट में 835 पीईटी ग्लास के इस्तेमाल पर रोक
जांच के दौरान KFC के बोरिंग कैनाल रोड स्थित आउटलेट में औद्योगिक उपयोग के लिए निर्धारित 835 पीईटी ग्लास पाए गए, जिनके इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। निरीक्षण में कुछ प्रतिष्ठानों पर वेज और नॉनवेज खाद्य पदार्थों को एक साथ रखे जाने की भी बात सामने आई।
विभागीय टीम को कई जगहों पर किचन, फ्रीजर, भंडारण क्षेत्र और शौचालय की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिली। खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने और निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने में लापरवाही पर विभाग ने संबंधित कारोबारियों को सुधार के निर्देश दिए।
खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से चिकन, मैदा, मेयोनीज, रेड चिली पाउडर समेत अन्य खाद्य सामग्रियों के नमूने एकत्र किए गए। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश
खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को रसोई की नियमित सफाई, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अब संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्धारित समयसीमा में कमियों को दूर करना होगा। खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट और आगे की विभागीय कार्रवाई पर भी नजर रहेगी।
Continue With Google