रिपोर्ट : संजय कुमार, पटना। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव की रुचि बिहार की राजनीति और अपनी पार्टी में नहीं, बल्कि कहीं और है।
नीरज कुमार ने कहा कि “मानसून आ गया है, पूरी दुनिया घूमकर बादल भी बिहार की धरती पर मंडराने लगे हैं। कल से बिहार विधानसभा का मानसून सत्र शुरू हो रहा है, लेकिन ‘परदेसी यादव’ अभी तक मिसिंग लीडर बने हुए हैं।”
भाजपा प्रवक्ता ने आगे आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव की दिलचस्पी बिहार के राजनीतिक और जनहित के मुद्दों में नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल पैसा बटोरना है, जबकि राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों और विधानसभा सत्र से वे दूरी बनाए हुए हैं।
भाजपा के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने की संभावना है। हालांकि, इस संबंध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) या तेजस्वी यादव की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
